जब कोई यह सुने कि उसकी जिंदगी में सिर्फ 365 दिन बचे हैं, तो यह एक भयानक और दिल दहलाने वाली खबर हो सकती है। ज्यादातर लोग इस खबर से टूट जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं, जो इस चुनौती को एक नए मकसद के साथ स्वीकार करते हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी है 35 साल के फिटनेस ट्रेनर इयान वार्ड की, जिनकी जिंदगी कैंसर की वजह से पूरी तरह से बदल गई।

कैसे मिली जिंदगी की नई दिशा

इयान वार्ड, जो लंदन में एक फिटनेस ट्रेनर थे, अपनी फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर हमेशा सजग रहते थे। लेकिन 2019 में, जब उन्हें टर्मिनल ब्रेन कैंसर का पता चला और डॉक्टरों ने बताया कि उनके पास सिर्फ एक साल का समय है, तो उनकी दुनिया पलट गई। इस खबर से इयान के लिए सब कुछ खत्म हो सकता था, लेकिन उन्होंने हार मानने की बजाय अपनी जिंदगी को एक नया मकसद दिया।

मैराथन के जरिए जुटाए लाखों डॉलर

जब इयान को पता चला कि उनके पास केवल 365 दिन बचे हैं, तो उन्होंने सोचा कि इस समय को वह कुछ खास काम में लगाएंगे। उन्होंने कैंसर रिसर्च के लिए फंड जुटाने का निर्णय लिया और मैराथन में भाग लेना शुरू किया। उनका उद्देश्य था कि वह कैंसर मरीजों की मदद के लिए सबसे ज्यादा पैसे जुटाएं। इयान का कहना है, “जब मैंने अपनी दुनिया तबाह होते देखी, तो मुझे लगा कि हार मानने का कोई मतलब नहीं है। मैं अपने बाकी बचे दिनों को अच्छे काम में लगाना चाहता था।”

इयान का मोटिवेशन और सफलता

इयान को मोटिवेशन तब मिला, जब उन्होंने एक एथलिट की कहानी पढ़ी, जिसने कॉर्पोरेट स्पॉन्सरशिप से 3 मिलियन डॉलर जुटाए थे। इयान ने सोचा कि वे भी इससे बेहतर कर सकते हैं। इयान ने इसे अपने जीवन का मिशन बना लिया और अब तक 15 मैराथन में हिस्सा ले चुके हैं। उनकी मेहनत और समर्पण ने उन्हें सोशल मीडिया सेंसेशन बना दिया है, जहां उनके लाखों फॉलोअर्स हैं।

किंग ऑफ कीमो’ का सफर

इयान को उनके दोस्त ‘किंग ऑफ कीमो’ कहते हैं। नवंबर 2024 में इयान सात महाद्वीपों में सात दिनों में सात दौड़ लगाने की योजना बना रहे हैं, जिसमें एक NYC मैराथन भी शामिल है। इयान ने अब तक अपनी मैराथन के माध्यम से लगभग 500,000 डॉलर जुटाए हैं और उनका कहना है कि उनका काम अभी पूरा नहीं हुआ है।

इयान वार्ड की यह कहानी हमें सिखाती है कि जिंदगी की सबसे कठिन परिस्थितियों में भी सकारात्मकता और उद्देश्य के साथ आगे बढ़ा जा सकता है। उनकी इस प्रेरणादायक यात्रा ने साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *