कई लोग ऐसे होते हैं जिन्हें कुछ खास आवाजों से परेशानी होती है, और किसी अनचाहे शोर को सुनकर उन्हें गुस्सा आ जाता है। यह एक मानसिक स्वास्थ्य समस्या है, जिसे मिसोफोनिया कहा जाता है। मनोवैज्ञानिकों के अनुसार जब कुछ विशेष ध्वनियां किसी व्यक्ति की भावनाओं को उत्तेजित कर देती हैं, तो इसे मिसोफोनिया कहा जाता है। इस स्थिति में, प्रभावित व्यक्ति सामान्य ध्वनियों से भी गहरे भावनात्मक असर में आ जाता है, जो अन्य लोग अक्सर अनदेखा कर देते हैं या जो ध्वनियां दूसरों को सामान्य लगती हैं। चलिए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

क्या है मिसोफोनिया

मनोवैज्ञानिकों के अनुसार जब किसी खास ध्वनि या शोर के कारण आपकी भावनाएं गुस्से, घबराहट या झुंझलाहट में बदल जाती हैं, तो उसे मिसोफोनिया कहा जाता है। यह एक मानसिक स्वास्थ्य समस्या है, जिसमें व्यक्ति कुछ सामान्य ध्वनियों से अत्यधिक प्रभावित होता है। यह आवाजें अन्य लोगों के लिए मामूली हो सकती हैं, लेकिन मिसोफोनिया से पीड़ित व्यक्ति के लिए ये अत्यधिक परेशान करने वाली होती हैं। उदाहरण के तौर पर किसी का चबाने का आवाज़, पंखा या कीबोर्ड टाइपिंग की आवाजें, इन ध्वनियों को सुनकर उन्हें गुस्सा और चिड़चिड़ापन महसूस होता है।

मिसोफोनिया के लक्षण

मिसोफोनिया से पीड़ित व्यक्ति को आमतौर पर तेज आवाजें या शोर सुनने पर अत्यधिक गुस्सा, मानसिक उत्तेजना, और कभी-कभी घबराहट होती है। यह स्थिति उनके मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकती है। वे ऐसे शोरों से बचने की पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन जब ये आवाजें उनके पास होती हैं, तो वे अक्सर तनाव और एंग्जाइटी महसूस करते हैं।

मिसोफोनिया के कारण

मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि मिसोफोनिया का कारण कभी-कभी मानसिक तनाव, अत्यधिक चिंता, या पिछली घटनाओं से जुड़ी यादें हो सकती हैं। यह व्यक्ति के दिमाग में इन आवाजों के प्रति अत्यधिक संवेदनशीलता पैदा कर देता है। कभी-कभी यह एक परहेज़ की आदत बन जाती है, जिससे शोर के प्रति प्रतिक्रिया और भी बढ़ जाती है।

मिसोफोनिया से राहत के उपाय

योग और एक्सरसाइज करें

रोजाना योग और शारीरिक व्यायाम करने से मानसिक शांति मिलती है और तनाव कम होता है। इससे मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है और शोर से होने वाली घबराहट में भी कमी आती है।

सही नींद लें

अच्छी नींद मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए जरूरी है। सात से आठ घंटे की गहरी नींद लेने से आप मानसिक रूप से शांत और ताजगी महसूस करते हैं, जिससे शोर से उत्पन्न होने वाली परेशानी कम हो सकती है।

तनाव कम करने के उपाय

जब आप तनाव में होते हैं, तो मानसिक शांति पाना मुश्किल हो जाता है। तनाव को मैनेज करने के लिए ध्यान, गहरी सांसें, और आरामदायक संगीत सुनने जैसी तकनीकों का सहारा लें।

मेडिटेशन करें

रोजाना 20 मिनट का मेडिटेशन आपकी मानसिक शांति को बढ़ाता है और मिसोफोनिया जैसे मानसिक समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करता है।

साउंड थैरेपी और उपकरणों का इस्तेमाल

डॉक्टर्स के अनुसार, मिसोफोनिया के इलाज में साउंड थैरेपी बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है। इसके लिए एक विशेष उपकरण का इस्तेमाल किया जा सकता है, जो कानों में झरने जैसी ध्वनियाँ उत्पन्न करता है, जिससे व्यक्ति शोर को कम महसूस करता है। इसके अलावा, ईयर प्लग्स या हैडसेट भी शोर को कम करने में मदद कर सकते हैं।

Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी केवल जागरूकता के लिए है और किसी भी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए हमेशा विशेषज्ञ से सलाह लें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *