अक्सर हम छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, खासकर जब तक वे गंभीर रूप से परेशान न करें। यही कारण है कि कई बार मामूली समझी जाने वाली समस्याएं गंभीर बन जाती हैं। चीन के हेनान प्रांत में जिआओज़ुओ नाम की जगह से एक ऐसा ही मामला सामने आया, जिसने डॉक्टरों और माता-पिता दोनों को चौंका दिया।

बच्चे की सांस से 2 साल तक आती रही बदबू

सात साल के एक चाइनीज़ बच्चे की सांस से लगातार अजीब तरह की बदबू आ रही थी, जिसे लेकर वह अपने माता-पिता से शिकायत करता रहा। लेकिन बच्चा छोटा होने के कारण वह ठीक से बता नहीं पाता था कि यह बदबू कैसी है। शुरू में माता-पिता ने इसे नजरअंदाज किया, सोचते हुए कि शायद यह कोई मामूली संक्रमण या कफ का मामला होगा। बच्चे की सांस से दो साल तक दुर्गंध आती रही, लेकिन परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अंततः, जब समस्या बढ़ती गई, तो बच्चे को डॉक्टर के पास ले जाया गया।

डॉक्टरों की जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच

ऑडिटी सेंट्रल की रिपोर्ट के मुताबिक, जब बच्चे को डॉक्टरों के पास ले जाया गया, तो शुरू में यह मामला साधारण कफ का लग रहा था। डॉक्टरों ने उसकी नाक के अंदर की जांच की और काले रंग का कुछ पदार्थ पाया, जिसे उन्होंने सूखा कफ समझा। बच्चा लगातार शिकायत कर रहा था कि उसे अपनी नाक के अंदर कुछ अजीब सा महसूस हो रहा है, और बदबू की समस्या भी बनी हुई थी।

डॉक्टरों ने बच्चे का सिर का सीटी स्कैन कराया, जिससे पता चला कि नाक के काफी ऊपरी हिस्से में कोई वस्तु फंसी हुई है। इस वजह से डॉक्टरों ने इसे ऑपरेशन के जरिए निकालने का निर्णय लिया।

नाक से निकला लोहे का पेंच

ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे की नाक से जो वस्तु निकाली, वह किसी भी सामान्य व्यक्ति को हैरान कर सकती थी। उन्होंने पहले इसे सूखा कफ या पस समझा, लेकिन जब इसे साफ किया गया, तो सामने आया कि यह कोई कफ या पस नहीं, बल्कि एक लोहे का पेच था, जो पिछले दो सालों से बच्चे की नाक में फंसा हुआ था। यह पेच बच्चे की नाक के अंदर गहराई से फंसा हुआ था, जिसके कारण उसे दुर्गंध महसूस हो रही थी और सांस में बदबू आ रही थी।

पेच निकलने के बाद बंद हुई दुर्गंध की शिकायत

ऑपरेशन के बाद बच्चे की रिकवरी तेजी से हुई और उसने दुर्गंध की शिकायत करना भी बंद कर दिया। इस पूरी घटना ने न सिर्फ माता-पिता को, बल्कि डॉक्टरों को भी चौंका दिया। दो साल तक बच्चे की नाक में फंसे रहने के बावजूद पेंच ने गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा नहीं कीं, लेकिन उसकी वजह से सांस की बदबू ने सभी को परेशान कर रखा था।

मामला क्यों हुआ नजरअंदाज

इस घटना ने एक महत्वपूर्ण सवाल उठाया है कि किस तरह से मामूली लगने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज किया जा सकता है। माता-पिता ने बच्चे की बात को शुरू में गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन जब स्थिति बिगड़ने लगी, तब उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *