पीसीओएस (पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम) आज के समय में महिलाओं के बीच एक आम समस्या बन गई है, जो उनके स्वास्थ्य पर कई गंभीर प्रभाव डालती है। हालांकि अधिकांश लोग पीसीओएस को केवल प्रजनन स्वास्थ्य से जोड़ते हैं, लेकिन यह हृदय रोगों के जोखिम को भी बढ़ाता है। पीसीओएस के कारण हार्ट अटैक और दिल से जुड़ी अन्य बीमारियों का खतरा महिलाओं में बढ़ जाता है। आइए समझते हैं कि पीसीओएस और दिल की बीमारियों के बीच क्या संबंध है और इससे बचाव के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
पीसीओएस और हार्ट डिसीज का कनेक्शन

पीसीओएस से पीड़ित महिलाओं में हृदय रोगों के जोखिम को बढ़ाने वाले कई कारक होते हैं। इस स्थिति में शरीर में इंसुलिन प्रतिरोध का स्तर बढ़ जाता है, जिससे टाइप 2 डायबिटीज और पुरानी सूजन का खतरा भी बढ़ जाता है। ये दोनों कारक हृदय रोग के प्रमुख कारण होते हैं। पीसीओएस से पीड़ित महिलाओं में हाई बीपी, डिस्लिपिडेमिया (खून में फैट की असामान्य मात्रा), और मोटापे के कारण कार्डियोमेटाबोलिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जो दिल के रोगों के जोखिम को कई गुना बढ़ा देती हैं।
मेटाबोलिक सिंड्रोम जो पेट के मोटापे, हाई ब्लड शुगर, और असामान्य कोलेस्ट्रॉल के स्तर के रूप में प्रकट होता है, हृदय रोग के जोखिम को और भी बढ़ा देता है। इसके अलावा पीसीओएस से पीड़ित महिलाओं में सीवीडी (हृदय संबंधी रोग) के सबक्लिनिकल मार्कर देखे जाते हैं, जो शुरुआती हस्तक्षेप और नियमित हृदय संबंधी निगरानी की आवश्यकता को दर्शाते हैं।
भारत में पीसीओएस के मामले बढ़ रहे हैं

भारत में पीसीओएस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यह संख्या 3.7% से 22.5% तक पहुंच चुकी है। पीसीओएस से पीड़ित महिलाओं को न केवल प्रजनन समस्याओं का सामना करना पड़ता है, बल्कि उनकी इम्युनिटी भी कमजोर हो जाती है, जिससे दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। अगर पीसीओएस की जटिलताओं को समय रहते नहीं समझा और प्रबंधित नहीं किया गया, तो आगे चलकर यह हृदय रोग और एंडोमेट्रियल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
पीसीओएस के कारण हृदय रोग के जोखिम से बचाव
पीसीओएस से पीड़ित महिलाएं हृदय रोग के जोखिम को रोकने के लिए लाइफस्टाइल में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव कर सकती हैं। यहां कुछ उपाय दिए गए हैं, जिनकी मदद से आप पीसीओएस और दिल की बीमारियों से बच सकती हैं:
नियमित एक्सरसाइज करें

रोजाना कम से कम 30 मिनट तक एक्सरसाइज करें। इससे आपका ब्लड प्रेशर और शरीर की चर्बी नियंत्रित रहती है। एक्सरसाइज न केवल वजन कम करने में मदद करती है, बल्कि हृदय को भी स्वस्थ बनाए रखती है।
संतुलित आहार लें

आप डेली संतुलित आहार लें, जिसमें साबुत अनाज, लीन प्रोटीन, और हेल्दी फैट को अपनी डाइट में शामिल करें। इससे शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित रहता है। हाई-फाइबर फूड्स का सेवन करें, क्योंकि यह हार्मोनल संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं। अत्यधिक तले-भुने और फास्ट फूड से बचें। ये भोजन वजन और कोलेस्ट्रॉल बढ़ाकर हृदय रोग का खतरा बढ़ाते हैं।
वजन नियंत्रण में रखें

पीसीओएस से पीड़ित महिलाओं में वजन बढ़ना एक सामान्य समस्या है, लेकिन यह दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है। वजन नियंत्रण में रखने से न केवल पीसीओएस के लक्षणों में सुधार होता है, बल्कि हृदय संबंधी जोखिम भी कम होता है।
तनाव को कम करें

पीसीओएस का एक प्रमुख कारण तनाव होता है। अत्यधिक तनाव हार्मोनल असंतुलन और दिल की बीमारियों का कारण बन सकता है। ध्यान, योग, और गहरी सांस लेने की तकनीकों का अभ्यास करें ताकि तनाव को कम किया जा सके और दिल की बीमारियों का खतरा टाला जा सके।
नियमित जांच कराएं

पीसीओएस से पीड़ित महिलाओं को नियमित रूप से हृदय संबंधी जांच करानी चाहिए, ताकि शुरुआती संकेतों को पहचाना जा सके और समय रहते उचित उपचार किया जा सके।
