भारी बारिश के कारण इस साल देश के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। जगह-जगह बाढ़ का पानी घरों तक घुस चुका है, और इसमें सीवेज का गंदा पानी भी मिल गया है। इस पानी में पनपने वाले खतरनाक बैक्टीरिया लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि कई लोगों को अपने संक्रमित पैर कटवाने की नौबत आ रही है। प्रशासन को इस स्थिति पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि लोगों को बाढ़ के पानी से होने वाले इंफेक्शन से बचाया जा सके।
आंध्र प्रदेश का मामला
आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के नेहरू नगर में एक 81 साल के बुजुर्ग के साथ यह हादसा हुआ। बाढ़ के पानी में सीवर का पानी मिल जाने से उनका घर गंदे पानी से भर गया था। इस पानी में लंबे समय तक रहने के कारण बुजुर्ग के पैरों में खुजली होने लगी, जो धीरे-धीरे अल्सर में बदल गई। जब उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया, तो पाया गया कि संक्रमण गंभीर हो चुका है, और पैर काटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। इसके बाद बुजुर्ग की सर्जरी की गई, लेकिन कुछ ही दिनों में उनकी मौत हो गई।
विजयवाड़ा में भी हुआ ऐसा ही हादसा
विजयवाड़ा में भी इसी तरह की घटना सामने आई, जहां एक युवक को बाढ़ के पानी में फंसे रहने के कारण पैर का संक्रमण हो गया। डॉक्टरों ने संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए उसका पैर काटने का निर्णय लिया। इन घटनाओं से यह स्पष्ट है कि बाढ़ के पानी में रहने से गंभीर संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, और कंडीशन कण्ट्रोल से बाहर जा सकती है।
विशेषज्ञों की राय
डॉक्टरों का कहना है कि बाढ़ और सीवेज के पानी में कई तरह के घातक बैक्टीरिया पनपते हैं, जो पैरों में इंफेक्शन का कारण बनते हैं। लंबे समय तक इस गंदे पानी में रहने से बैक्टीरिया शरीर में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे पैर में घाव या अल्सर होने की संभावना बढ़ जाती है। अगर समय पर इलाज न किया जाए, तो यह संक्रमण पूरे शरीर में फैल सकता है और मरीज की जान के लिए खतरा बन सकता है।
एहतियात के उपाय
विशेषज्ञों के अनुसार बाढ़ के पानी में अधिक समय तक न रहें और अगर कोई ऐसा करता है, तो बाद में साफ पानी से अपने पैरों को धोकर सुखाना जरूरी है। प्रशासन को भी जलभराव वाले क्षेत्रों में उचित निकासी का इंतजाम करना चाहिए ताकि लोग इस तरह के खतरनाक संक्रमण से बच सकें। साफ-सफाई का ध्यान रखना, और संक्रमित पानी से दूर रहना इस स्थिति से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।
