महिलाएं अपनी जिम्मेदारियों और घर-परिवार की देखभाल में अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर बैठती हैं। घर की छोटी-बड़ी जिम्मेदारियों के बीच उनका स्वास्थ्य कहीं न कहीं पीछे छूट जाता है। लेकिन ध्यान न देने की इस आदत की वजह से उन्हें कई गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि महिलाओं के शरीर में होने वाले कुछ बदलाव, बड़ी बीमारियों के संकेत हो सकते हैं। अगर इन संकेतों को सही समय पर पहचान लिया जाए, तो गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं उन 5 महत्वपूर्ण बदलावों के बारे में, जिन्हें महिलाओं को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
सही समय पर पीरियड्स का न आना

महिलाओं के स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण संकेतक उनका मासिक धर्म चक्र है। नियमित पीरियड्स का आना यह दर्शाता है कि महिला का शरीर स्वस्थ है। लेकिन अगर पीरियड्स अनियमित होते हैं या समय पर नहीं आते, तो यह चिंता का विषय हो सकता है। गायनोलॉजिस्ट्स के अनुसार अनियमित पीरियड्स थायराइड, पीसीओडी (पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम), या फाइब्रॉएड जैसी गंभीर हार्मोनल बीमारियों का संकेत हो सकते हैं। इस स्थिति में महिलाओं को डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। इसके अलावा अगर फिजिकल रिलेशन के दौरान दर्द होता है, तो इसे भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह किसी गंभीर समस्या की ओर इशारा कर सकता है।
थकान और कमजोरी महसूस होना

अगर आप लगातार थकान और कमजोरी महसूस कर रही हैं, और यह आराम करने के बाद भी नहीं जाती है, तो यह एक चेतावनी हो सकती है। यह एनीमिया, थायराइड, या विटामिन डी की कमी जैसी समस्याओं का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। बेहतर होगा कि आप तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और आवश्यक जांच करवाएं।
बार-बार ब्लोटिंग

पीरियड्स से पहले ब्लोटिंग एक सामान्य समस्या हो सकती है, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार होती है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार लगातार ब्लोटिंग ओवेरियन कैंसर, इरिटेबल बावल सिंड्रोम, या अन्य पाचन संबंधित समस्याओं का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है।
ब्रेस्ट साइज में बदलाव

ब्रेस्ट में किसी भी प्रकार का बदलाव, जैसे- गांठ, दर्द, या आकार में परिवर्तन, गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है। ब्रेस्ट कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के शुरुआती लक्षणों में यह बदलाव शामिल हो सकते हैं। इसलिए अगर आप ब्रेस्ट में किसी भी प्रकार का असामान्य बदलाव देखती हैं, तो इसे नजरअंदाज करने की गलती न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
वजन में बदलाव

अगर आपका वजन अचानक से बढ़ता या घटता है, तो यह भी चिंता का विषय हो सकता है। वजन में अचानक बदलाव थायराइड, पीसीओएस, कैंसर, या अन्य गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में अपनी सेहत को गंभीरता से लेते हुए डॉक्टर से सलाह लें और जरूरी जांच कराएं।
महिलाओं के शरीर में होने वाले ये पांच बदलाव गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकते हैं। इन्हें नजरअंदाज करने की गलती कभी न करें। सही समय पर डॉक्टर से सलाह लेकर उचित इलाज करवाना आपकी सेहत और जीवन को बचा सकता है। आखिरकार सेहत ही सबसे बड़ा धन है।
