हम सभी को कभी न कभी अपने मुंह में छाले होने की समस्या का सामना करना पड़ता है। बड़े तो किसी न किसी तरह इस परेशानी का सामना कर लेते हैं लेकिन यदि बच्चों के मुंह में छाले हो जाएं तो उन्हें बहुत ज्यादा दर्द और दिक्कत का सामना करना पड़ता है। बच्चों के मुंह में छाले होने के कई कारण हो सकते हैं, जिसमें हर्पगिना की समस्या भी शामिल है। यह समस्या 3-10 साल के बच्चों में ज्यादा होती है। इस समस्या में बच्चों के मुंह के अंदर बहुत सारे छाले होते हैं, जिसके कारण उनका खाना, पीना या बोल पाना भी मुश्किल हो जाता है। तो चलिए आपको बताते हैं कि बच्चों के मुंह में छाले क्यों होते हैं।
क्या होता है हर्पंगिना?
हर्पंगिना एक वायरल इंफेक्शन है जो आमतौर पर 3-10 साल तक की उम्र के बच्चों को होता है। इस बीमारी में बच्चों के मुंह में छोटे-छोटे छाले या घाव होते हैं जिस कारण बच्चों का खाना, पीना और बोलना काफी मुश्किल हो जाता है। यह समस्या खासकर गले के पीछे होती है। यह इंफेक्शन एंटरोवायरस के कारण होती है। यह बीमारी अक्सर गर्मियों के मौसम में ज्यादा होती है। ऐसे में हर्पंगिना से इंफेक्टेड व्यक्ति को हाथों को साफ रखने की सलाह दी जाती है क्योंकि इससे बीमारी का जोखिम कम होता है।

हर्पंगिना के लक्षण क्या है?
यह समस्या बच्चों में आमतौर पर तेज बुखार के साथ शुरू होती है, जो 101°F से 104°F तक होती है और ये कुछ दिनों तक रहती है। आमतौर पर इस समस्या में ये लक्षण दिखते हैं।
. मुंह या गले के पीछे छोटे, छाले या घाव
. निगलने में समस्या या दर्द
. गले में खराश
. सिरदर्द होना

. भूख न लगना
. छोटे बच्चों में चिड़चिड़ापन
. थकान महसूस होना
. कभी-कभी उल्टी आना
कारण
यह एंटरोवायरस नाम के वायरस के कारण होता है, जिसमें कॉक्ससैकी-ए वायरस सबसे आम माना जाता है। यह इंफेक्शन संक्रमित व्यक्ति की लार, नाक के बलगम या मल के सीधे संपर्क के कारण यह फैल सकता है। आमतौर पर यह समस्या बच्चों में स्कूलों, डे केयर या अन्य जगहों में जाने से फैलता है, जहां बच्चे एक-दूसरे के संपर्क में ज्यादा होते है।
इलाज
हर्पंगिना के लिए कोई खास एंटीवायरल इलाज नहीं है, लेकिन लक्षणों को घर पर ही कंट्रोल किया जा सकता है ताकि बच्चों को राहत मिल सके।
. गुनगुने पानी में नमक डालकर सुबह और शाम बच्चे को गरारे करवाएं।
. डॉक्टर की सलाह पर दर्द की दवाईयां और बुखार की दवां दें।

. संक्रमित बच्चों में डिहाइड्रेशन की समस्या रोकने के लिए उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी दें।
. बच्चे को कम मसाले और कम एसिड वाले खाद्य पदार्थ दें।
. डॉक्टर की सलाह पर दर्द की दवाएं और बुखार की दवाईयां आप बच्चों को दे सकते हैं।
इस बात का रखें ध्यान
वैसे तो बच्चों में ये इंफेक्शन एक हफ्ते के अंदर ठीक हो सकता है हालांकि, यदि लक्षण बिगड़ते हैं या डिहाइड्रेशन होता है तो डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करें।
