अकसर कहा जाता है कि एक हेल्दी शरीर के लिए 7 से 8 घंटे की नींद लेना बेहद जरुरी है। लेकिन आजकल की भागदौड़ भरी जिन्दगी में लोग अपने काम में इतने बिजी हैं कि उन्हें सही से नींद लेने का भी समय नहीं हैं। लेकिन क्या आपको पता है, वीकेंड की नींद दिल की बीमारियों का खतरा कम कर सकती है। हाल ही में एक शोध में यह बात सामने आई है। आजकल नौकरी करने वाले अधिकांश लोग नींद की कमी से जूझ रहे हैं।
रात-रातभर काम करने और तनाव के कारण उनकी नींद पूरी नहीं हो पाती, जिसका नकारात्मक प्रभाव उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर देखने को मिलता है। लेकिन 90,000 लोगों पर हुई एक स्टडी में पाया गया कि यदि वीकेंड पर नींद पूरी की जाए, तो यह दिल की सेहत को बेहतर बना सकती है।
वीकेंड पर नींद पूरी करने से दिल की सेहत बेहतर

यूरोपियन सोसायटी ऑफ कार्डियोलॉजी की एक बैठक में प्रस्तुत की गई इस स्टडी में यूके बायोबैंक प्रोजेक्ट का हिस्सा रहे 90,903 लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया। इस शोध में पाया गया कि 19,816 लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही थी, जबकि 14 साल तक चली इस स्टडी में उन लोगों का दिल की बीमारियों का खतरा 19% तक कम पाया गया, जो वीकेंड पर अपनी नींद पूरी कर लेते थे।
कम्पेन्सेटरी नींद का महत्व

कम्पेन्सेटरी नींद वह नींद है, जो नींद की कमी के बाद अलग से समय निकालकर पूरी की जाती है। पूरे हफ्ते की थकान और भागदौड़ के बाद, कई लोग वीकेंड पर अधिक सोने की कोशिश करते हैं ताकि उनकी नींद पूरी हो सके। इस स्टडी में उन लोगों पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया, जिनकी नींद पूरी नहीं हो रही थी। उनमें हार्ट की बीमारियों का जोखिम दूसरों की तुलना में अधिक पाया गया।
स्टडी के प्रमुख प्रोफेसर यानजुन सोंग ने बताया कि कम्पेन्सेटरी स्लीप हार्ट डिजीज का रिस्क घटाने में सहायक होती है। स्टडी में शामिल जेचेन लियू ने बताया कि वीकेंड पर नींद पूरी करके दिल की बीमारियों का जोखिम कम किया जा सकता है। हालांकि यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि कम्पेन्सेटरी स्लीप लाभकारी तो हो सकती है, लेकिन यह पूरे हफ्ते की नियमित नींद की कमी को पूरी तरह से नहीं भर सकती।
दिल की सेहत के लिए क्यों जरूरी है पर्याप्त नींद

नींद के दौरान हमारा शरीर कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं से गुजरता है, जिनमें दिल और ब्लड वेसेल्स का रिपेयर और रखरखाव शामिल है। जब हम पर्याप्त नींद नहीं लेते, तो हमारे स्वास्थ्य पर इसका नकारात्मक असर होता है। नींद की कमी से हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा, डायबिटीज और हार्ट डिजीज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। साथ ही नींद की कमी से शरीर में स्ट्रेस हार्मोन की मात्रा बढ़ जाती है, जो दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकता है, जिससे हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ता है।
इसलिए पर्याप्त नींद लेना हर किसी के लिए बेहद जरूरी है। वीकेंड पर भी नींद पूरी करके आप अपने दिल की सेहत को बेहतर बना सकते हैं।
