एमपॉक्स के मामले थमने का नाम ही ले रहे। पाकिस्तान में एमपॉक्स का एक और मरीज मिला है जिसके कारण एमपॉक्स के मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि कि कराची में एक हवाई यात्री में वायरस की पुष्टि हुई है जबकि पेशावर में एक और संदिग्ध मरीज मिला है। उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक ने कहा कि हवाई अड्डे पर चिकित्सा कर्मियों ने गुरुवार को जेद्दा से लौट रहे दो यात्रियों में इस वायरस के लक्षण पाए और उनमें से केवल एक को एमपॉक्स होने की पुष्टि की गई है।

पुष्टि किए गए मामले में ओरकजई का एक 51 वर्षीय व्यक्ति शामिल है, जिसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए पुलिस और सेवा अस्पताल पेशावर में स्थानांतरित भी कर दिया गया है। इसी बीच, एक 32 वर्षीय व्यक्ति को मंकीपॉक्स के लक्षणों के बाद कराची के निर्दिष्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिससे यह एक संदिग्ध मामला बन गया है। अधिकारियों ने कहा कि अब तक कोई स्थानीय रूप से प्रसारित मामला दर्ज नहीं किया गया है।

सरकार हुई अलर्ट

पाकिस्तान में एमपॉक्स (मंकीपॉक्स) वायरस का नया मामला सामने आने के बाद सरकार सतर्क हो गई है। सरकार ने वायरस से निपटने के लिए एक व्यापक रणनीति भी तैयार कर ली है। इसके साथ ही सरकार ने सभी हवाई अड्डों और देश के प्रवेश द्वारों पर निगरानी बढ़ा दी है। वहीं, लोगों से आह्वान भी किया है कि वह मंकीपॉक्स के फैलने के बारे में चिंता न करें।

यूनिसेफ ने एमपॉक्स टीकों को सुरक्षित करने के लिए आपातकालीन निविदा जारी की है। यूनिसेफ ने एमपॉक्स टीकों की खरीद के लिए एक आपातकालीन निविदा जारी करने की घोषणा की है। एमपॉक्स के प्रकोप को रोकने में टीकों को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यूनिसेफ टेंडर का लक्ष्य अफ्रीका सीडीसी, गावी, वैक्सीन एलायंस, डब्ल्यूएचओ, पैन अमेरिकन हेल्थ ऑर्गनाइजेशन और अन्य भागीदारों के सहयोग से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों के लिए एमपॉक्स टीका सुरक्षित करना है। इस संयुक्त प्रयास में एमपॉक्स के चल रहे प्रसारण को रोकने में मदद करने के लिए उच्च आय वाले देशों में मौजूदा भंडार से वैक्सीन दान की सुविधा शामिल है।

मंकीपॉक्स के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य समन्वयक ने जनता से अपील भी की है कि यदि उनके परिवार में किसी व्यक्ति को यात्रा करने के बाद मंकीपॉक्स के लक्षण दिखाई दें तो वह घर के अन्य लोगों से अलग रहें। उन्होंने कहा कि मंकीपॉक्स के कोई भी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत योग्य चिकित्सक से संपर्क कर परामर्श लें और चिकित्सक के निर्देशों का पालन जरुर करें। उन्होंने कहा कि लक्षण दिखने में 10 से 15 दिन लग सकते हैं। वहीं, मरीज के साथ बहुत ज्यादा समय बिताने से भी यह संक्रमण फैल सकता है। ऐसे में बेहतर होगा कि मरीज को क्वारंटाइन कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि बुखार की दवाओं का इस्तेमाल एमपॉक्स के लिए किया जाता है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *