हार्ट अटैक एक बेहद गंभीर स्थिति है जो अचानक से हो सकती है और जीवन के लिए खतरा बन सकती है। इसीलि लोगों को अक्सर हार्ट अटैक का ख्याल आते ही डर लगने लगता है। लेकिन अगर आप हार्ट अटैक से बचना चाहते हैं तो इसके शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर कुछ ऐसे संकेत होते हैं जिन्हें हम आमतौर पर अनदेखा कर देते हैं, जबकि वे आपके हार्ट की सेहत को लेकर चेतावनी हो सकते हैं। इनमें से एक संकेत है कब्ज की समस्या।

कब्ज हो सकता है हार्ट अटैक का पूर्व संकेत

कब्ज यानी कॉन्स्टिपेशन को आमतौर पर एक सामान्य समस्या माना जाता है, लेकिन हाल ही में आई एक स्टडी से पता चला है कि यह हार्ट अटैक, स्ट्रोक, और हार्ट फेल जैसी समस्याओं का एक संकेत हो सकता है। मोनाश यूनिवर्सिटी मेलबर्न के शोधकर्ताओं द्वारा की गई इस स्टडी के अनुसार जिन लोगों को कब्ज की शिकायत होती है, उनमें हार्ट अटैक और कार्डियाक अरेस्ट जैसी समस्याओं का जोखिम दोगुना हो सकता है। इस स्टडी को अमेरिकन जर्नल ऑफ साइकोलॉजी-हार्ट एंड सर्कुलेटरी फिजियोलॉजी में प्रकाशित किया गया है, जिसमें कब्ज को एक महत्वपूर्ण जोखिम कारक बताया गया है।

कब्ज और हार्ट अटैक का संबंध

हार्ट अटैक और कब्ज के बीच संबंध को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि हमारी गट हेल्थ और हार्ट हेल्थ आपस में कैसे जुड़े होते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आपके पाचन तंत्र (गट) की सेहत ठीक नहीं है, तो इसका सीधा असर आपके हार्ट की सेहत पर पड़ सकता है। विशेष रूप से, अगर आप संतुलित आहार नहीं लेते हैं और नियमित व्यायाम नहीं करते हैं, तो आपको कब्ज की समस्या हो सकती है।

जब आपके शरीर में कचरा समय पर बाहर नहीं निकल पाता है, तो शरीर में टॉक्सिन्स (विषैले पदार्थ) की मात्रा बढ़ जाती है। यह स्थिति आपके रक्त प्रवाह को प्रभावित कर सकती है और ब्लड प्रेशर बढ़ा सकती है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, जो लोग कब्ज की समस्या से जूझते हैं, उन्हें अक्सर अत्यधिक तनाव महसूस होता है, जो कि हार्ट हेल्थ के लिए हानिकारक है।

कब करें डॉक्टर से संपर्क

कब्ज की समस्या को अक्सर लोग मामूली समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन अगर यह समस्या लगातार बनी रहती है, तो यह आपके हार्ट के लिए खतरा बन सकती है। अगर आपको बार-बार कब्ज की समस्या हो रही है, तो इसे हल्के में न लें। इसके साथ ही, अगर आपको कब्ज के साथ सीने में दर्द, सांस लेने में दिक्कत, या अत्यधिक थकान जैसी समस्याएं महसूस हो रही हैं, तो यह हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

कैसे बचें इस समस्या से

कब्ज से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि आप अपनी जीवनशैली में बदलाव करें। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना आपकी गट हेल्थ और हार्ट हेल्थ दोनों के लिए फायदेमंद हो सकता है। अगर आप पहले से ही कब्ज की समस्या से जूझ रहे हैं, तो समय रहते डॉक्टर से संपर्क करें और उचित इलाज करवाएं।

हार्ट अटैक के खतरे को कम करने के लिए आपको अपने शरीर के संकेतों को गंभीरता से लेना होगा। याद रखें स्वस्थ जीवनशैली और सतर्कता ही आपको गंभीर बीमारियों से बचा सकती है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *