हाल ही के दिनों में इंसेफेलाइटिस यानी दिमाग में सूजन वाली यह बीमारी लोगों को बहुत डरा रही है। काफी लोग इसकी चपेट में भी आ गए हैं और कुछ लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। आपको बता दें कि मच्छर के कारण यह बीमारी इंसानों में फैलती है और इसकी वजह से दिमाग में सूजन आ जाती है। चूंकि, पिछले दिनों इस बीमारी के मरीजों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में बहुत जरूरी है कि हर व्यक्ति में इस बीमारी के बारे में जागरूकता होनी चाहिए और उन्हें पता होना चाहिए कि यह बीमारी क्या है और इसके लक्षण क्या हैं। खासतौर पर बच्चों में इंसेफेलाइटिस के किस तरह के लक्षण नजर आ सकते हैं। यह जानकर आप अपने बच्चों को इस घातक बीमारी से बचा सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कि इंसेफेलाइटिस होने पर बच्चों में किस तरह के लक्षण दिखते हैं।
बच्चों में इंसेफेलाइटिस के लक्षण
बोलने-सुनने में दिक्कत होना
इंसेफेलाइटिस होने पर न सिर्फ गंभीर मामलों में बच्चों को दौरे पड़ सकते हैं, बल्कि बच्चे की बोलने-सुनने की क्षमता पर भी असर हो सकता है। वास्तव में, इंसेफेलाइटिस होने पर दिमाग में सूजन हो जाती है, न्यूरोलॉजिकल इश्यूज भी हो सकते हैं। ऐसे में बच्चे की बोलने-सुनने की क्षमता पर असर पड़ सकता है।
दौरे पड़ना
इंसेफेलाइटिस होने पर बुखार बहुत तेज होता है। कई बार बुखार के कारण बच्चे को दौरे या फिट्स भी पड़ सकते हैं। आपको बता दें कि इंसेफेलाइटिस एक घातक बीमारी है, जिसके कारण दिमाग में सूजन हो जाती है। यह इंफेक्शन या ऑटोइम्यून कंडीशन के कारण हो सकता है। ऐसे में फिट्स या दौरे पड़ना भी इसका ही लक्षण हो सकता है।

सिरदर्द होना
इसमें बच्चे को बुखार के साथ-साथ सिरदर्द की समस्या भी होने लगती है। वैसे तो सिरदर्द की बीमारियों का एक लक्षण भर हो सकता है लेकिन, अगर बच्चे को बुखार के साथ-साथ सिरदर्द, कंफ्यूजन भी हाने लगे तो इसे हल्के में न लें। यह भी इंसेफेलाइटिस होने की ओर इशारा करता है।
हैल्यूसिनेशन होना
इस बीमारी के कारण बच्चे की पर्सनालिटी पर असर पड़ सकता है। यहां तक कि उसे हैल्यूसिनेशन यानी मतिभ्रम की दिक्कत भी हो सकती है क्योंकि इस बीमारी के कारण बच्चा अपनी कॉन्शसनेस खो देता है। साथ ही, शरीर के कुछ हिस्सों में सेंसेशन की कमी महसूस होने लगती है। यही नहीं, बच्चे की सोचने-समझने की क्षमता भी कम होने लगती है। वह एक ही चीज पर फोकस नहीं कर पाता यहां तक कि लाइट के प्रति भी उसकी संवेदनशीलता बढ़ने लगती है।
बुखार आना
इंसेफेलाइटिस होने पर बच्चे को सबसे पहले बुखार आता है। बुखार होने पर सामान्य लक्षण दिखते हैं, जैसे थकान होना, कमजोरी छाना, बदन दर्द होना आदि। कई बार, लोग इंसेफेलाइटिस को सामान्य वायरल फीवर समझने की भूल कर बैठते हैं। ध्यान रखें कि यदि बच्चे को तीव्र बुखार है, तो उसे डॉक्टर के पास ले जाकर इंसेफेलाइटिस की जांच करवाएं।
बच्चे में इंसेफेलाइटिस के अन्य लक्षण
इंसेफेलाइटिस होने पर बच्चों में कई अन्य लक्षण भी दिख सकते हैं जैसे
गर्दन का स्टिफ होना
बच्चे का चिड़चिड़ा होना
स्किन रैशेज

उल्टी और मतली महसूस करना
एनर्जी की कमी महसूस होना
सोने में दिक्कत होना
