हाल ही में कैलिफोर्निया के एक छोटे शहर की रहने वाली नर्स ब्रायना सोलारी स्किन ट्यूमर की बीमारी के इलाज के लिए लॉस एंजिल्स आई थी। लेकिन जब वह सर्जरी के बाद घर वापस जाने के लिए विमान में बैठी तो साउथवेस्ट एयरलाइंस के कर्मचारियों ने उनके साथ बुरा व्यवहार करके विमान से उतार दिया। बता दें कि ब्रायना सोलारी ने दावा किया है कि उनकी बीमारी को लेकर भेदभाव किया गया है जबकि वह सर्जरी के बाद बिल्कुल ठीक है।
क्या है पूरा मामला
ब्रायना सोलारी बताती हैं कि जब वह फ्लाइट में सवार हुई तब क्रू मेंबर ने उनसे पूछा कि उन्हे कोई मेडिकल कंडीशन या बीमारी तो नहीं है। इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें किसी तरह की बीमारी नहीं है, लेकिन हाल ही में उनकी सर्जरी हुई है। ऐसे में क्रू मेम्बर ने एक डॉक्टर को बुलाया, जिसे सोलारी ने अपनी कंडीशन के बारे में सब कुछ बताया। हालांकि इसके बावजूद उसकी बातों को सही से नहीं सुना गया और उसे फ्लाइट से नीचे उतार दिया गया।
उड़ान भरने के लिए नोट लिखाना पड़ा
सोलारी ने बताया कि इस घटना के बाद उन्हें अपने सर्जन से उड़ान भरने के लिए नोट लिखवाना पड़ा, हालांकि इन सब चीजों के चक्कर में उनकी फ्लाइट मिस हो गई। जिसके बाद साउथवेस्ट ने उनके लिए एक नई फ्लाइट बुक की। वहीं विमान के चालक दल ने बताया कि उनके फ्लाइट में चढ़ने को लेकर कुछ परेशानीयां थी, जिसकी वजह से उनको विमान से उतारा गया था। हालांकि सोलारी ने कहा कि इस घटना के बाद अब वह कभी साउथवेस्ट एयरलाइंस में सफर नहीं करेंगी।
सोलारी किस बीमारी से पीड़ित है
सोलारी को न्यूरोफाइब्रोमैटोसिस नामक एक आनुवंशिक बीमारी है, जिसकी वजह से उसकी स्किन में गैर-कैंसरकारी ट्यूमर बनते हैं। इस बीमारी की वजह से न्यूरोफाइब्रोमिन एंजाइम की कमी हो जाती है, जो ट्यूमर को दबाने में सहायता करती है। जिस वजह से ट्यूमर नसों के साथ बढ़ते हैं। वहीं यह ट्यूमर छोटे दानों की तरह या बहुत बड़े दानों के रूप में नजर आ सकते हैं।
