दिल्ली एम्स में आये दिन हजारों की तादाद में मरीज और उनके तीमारदार आते हैं। ऐसे में कई मरीज मेट्रो का सहारा लेते हैं तो कोई रिक्शा या फिर बस लेकर यहां पहुंचते हैं। लेकिन आपको बता दें अब दिल्ली एम्स जाने के लिए जल्दी ही मरीजों और उनके साथ आने वाले तीमारदारों के लिए परिवहन की नए सेवाएं शुरू की जाने वाली हैं। दरअसल एम्स के आसपास जो भी मेट्रो स्टेशन मौजूद हैं वहां से एम्स आने के लिए लिए AC इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की जानी है।
20 सीटर बसें होंगी शुरू
बता दें जल्दी ही एम्स 20 सीटर बसें शुरू करेगा। इन बसों के जरिए मरीज और तीमारदार सीधे अस्पताल आराम से आ सकते हैं। अस्पताल में जिस विभाग में भी मरीजों को जाना है वहां ये बस पहुंचा देगी । इन बसों में ऑटो और ई-रिक्शा की तुलना में बहुत कम किराया लगेगा।
मरीजों और उनके परिवार वालों के लिए है ये
एम्स मीडिया सेल की इंचार्ज प्रोफेसर डॉ. रीमा दादा के मुताबिक यह पहल एम्स के निदेशक प्रोफेसर डॉक्टर एम. श्रीनिवास द्वारा की गई है। उन्होंने यह सेवा एम्स में इलाज के लिए देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लिया है। ये बसें एम्स के आसपास जो भी मेट्रो स्टेशन होंगे, वहां खड़ी होंगी और एम्स जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को अस्पताल लेकर पहुंचेंगी।
इन मैट्रो स्टेशन में उपलब्ध हैं ये सुविधा
लाजपत नगर, ग्रीन पार्क, साउथ एक्स, एम्स मेट्रो स्टेशन और आसपास के नजदीकी बस स्टॉप जैसे किदवई नगर, भीकाजी कामा प्लेस ,गौतम नगर से भी यह सेवा मिल सकती है। ये 20 सीटर ई बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें एयर-कंडीशनिंग, लो फ्लोर और व्हीलचेयर एक्सेस और सीसीटीवी की सुविधा भी मिलेगी। इन बसों को जल्द ही शुरू किया जाएगा। यह बसें हर 10 मिनट पर मिलेंगी। मरीज या तीमारदार स्मार्ट कार्ड या फिर यूपीआई एप से किराए का भुगतान कर सकेंगे। मरीज अपने सफर का फीडबैक भी आसानी से दे सकते हैं।
