वैसे आपने अपने चेहरे से मक्खी तो जरूर भगाया होगा, यही नहीं मक्खी को मारा भी होगा। लेकिन क्या आपने कभी ये सुना है कि मक्खी मारने से किसी की आंख खराब हो जाएं। दरअसल हाल ही में चीन में एक व्यक्ति को मक्खी मारना इतना महंगा पड़ा कि उसे अपनी आंख गंवानी पड़ी। यह घटना चीन के ग्वांगडोंग के शेनझेन प्रांत में हुई, जहां वू नाम का एक व्यक्ति मक्खी मारने के बाद गंभीर संक्रमण का शिकार हो गया।

क्या है पूरा मामला

बता दें कि वू नाम का व्यक्ति किसी जगह पर बैठा हुआ था जब उसके चेहरे पर एक मक्खी आकर बैठ गई। उसने मक्खी को मार डाला, लेकिन एक घंटे के बाद उसकी बाईं आंख लाल हो गई और सूज गई। जल्द ही आंख में दर्द होने लगा, जिसके बाद वो डॉक्टर के पास पहुंचा। डॉक्टर ने उसे दवा दी,लेकिन दवा का कोई असर नहीं हुआ और दर्द बढ़ता गया।

संक्रमण का खुलासा

दवा के असर न करने पर वू ने दूसरे डॉक्टर से परामर्श लिया। नए डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि मक्खी संक्रमित थी और उसके कारण वू की आंख में गंभीर संक्रमण हो गया है। संक्रमण इतना बढ़ गया कि आंख में अल्सर हो गया था और मस्तिष्क तक फैलने का खतरा था। संक्रमण को रोकने के लिए डॉक्टरों को वू की पूरी बाईं आंख निकालनी पड़ी।

डॉक्टरों की सलाह

डॉक्टरों ने बताया कि वू को संक्रमण एक नाली में रहने वाले कीट से हुआ, जो मक्खी जैसा दिखता है और इसका लार्वा पानी में रहता है। ये कीट अक्सर बाथरूम, बाथटब, सिंक और रसोई के अंधेरे, नम स्थानों में पाए जाते हैं। साथ ही डॉक्टरों का सुझाव है कि यदि कोई कीट आपकी आंखों के पास उड़ता है, तो उसे मारने के बजाय धीरे से हटाएं और प्रभावित क्षेत्र को साफ पानी या खारे घोल से धो लें। यह संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।

क्या है सबक

यह घटना एक महत्वपूर्ण चेतावनी है कि मक्खी या किसी अन्य कीट को मारने में सतर्कता बरतनी चाहिए। छोटे से छोटे कीट भी कभी-कभी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए स्वच्छता बनाए रखना और किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना आवश्यक है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *