अगर आप भी बहुत तेज धूप में काम करते हैं तो हो जाएं सतर्क। इससे आपकी सेहत पर काफी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकते हैं। दरअसल हाल ही में अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की नई रिपोर्ट ने चेतावनी दी है कि गर्मी के तनाव से पीड़ित श्रमिकों की संख्या बढ़ रही है। नए आंकड़े बताते हैं कि उन क्षेत्रों में भी अब तापमान बढ़ने लगा है, जहां पहले गर्मी कम थी। इस स्थिति से पहले से ही गर्म क्षेत्रों में काम कर रहे श्रमिकों को अधिक खतरनाक हालात का सामना करना पड़ेगा।
स्टडी में क्या पाया गया
स्टडी में पाया गया है कि गर्मी से होने वाला स्ट्रेस अदृश्य होता है और यह लोगों की सेहत पर चुपचाप असर डालता है। इसके गंभीर परिणामों में बीमारी, लू लगना और मौत शामिल हैं। लंबे समय तक स्ट्रेस में रहने से मजदूरों में दिल, फेफड़ों और किडनी की बीमारियां हो सकती हैं। रिपोर्ट मुताबिक अत्यधिक गर्मी के कारण हर साल 18,970 लोगों की जान चली जाती है और 2 करोड़ 28 लाख 50 हजार कार्यक्षेत्र चोटें व बीमारियां होती हैं। वहीं यह रिपोर्ट अप्रैल में प्रकाशित एक पूर्व रिपोर्ट के निष्कर्षों पर आधारित है।
इन देशों में श्रमिक अधिक प्रभावती
रिपोर्ट के अनुसार अफ्रीका, अरब देशों और एशिया-प्रशांत के श्रमिक सबसे अधिक गर्मी के संपर्क में आते हैं। यूरोप और मध्य एशिया में 2000 से 2020 तक अत्यधिक गर्मी से संपर्क में सर्वाधिक वृद्धि हुई। इस क्षेत्र में श्रमिकों का अनुपात 17.3% बढ़ा, जो वैश्विक औसत से दोगुना था। अमेरिका और यूरोप व मध्य एशिया क्षेत्र में कार्यक्षेत्र में चोट लगने की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई।
श्रमिकों को गर्मी से बचाने के उपाय
ILO के डायरेक्टर जनरल गिलबर्ट एफ़ हुंगबो का कहना है कि बढ़ते तापमान से निपटने के लिए हमें पूरे साल श्रमिकों को गर्मी से बचाने के प्रयास करने होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक अत्यधिक गर्मी के प्रभाव से श्रमिकों की सुरक्षा में सुधार लाने से वैश्विक स्तर पर 361 अरब डॉलर की बचत हो सकती है। ILO का अनुमान है कि निम्न और मध्य आय वाली अर्थव्यवस्थाएं खासतौर पर अधिक प्रभावित हुई हैं। वहीं यूएन सेक्रेटरी जनरल एंतोनियो गुटेरेश ने कहा कि बढ़ती गर्मी का सामना सभी को करना पड़ रहा है। पृथ्वी सभी जगहों पर अत्यधिक गर्म और खतरनाक बनती जा रही है। ILO की रिपोर्ट में 21 देशों में वैधानिक उपायों की समीक्षा की गई है, ताकि श्रमिकों की सुरक्षा के लिए उचित योजना बनाई जा सके। इसमें सुरक्षा एवं स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली की मुख्य अवधारणाओं की जानकारी दी गई है।
