कोराना और बर्ड फ्लू के बाद अब निपाह वायरस तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। दरअसल हाल ही में केरल के मलप्पुरम जिले के 14 वर्षीय किशोर की रविवार को कोझिकोड के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में निपाह वायरस के संक्रमण के कारण मृत्यु हो गई। इस घटना ने राज्य में स्वास्थ्य अधिकारियों और आम जनता के बीच गंभीर चिंता पैदा कर दी है। निपाह वायरस एक घातक बीमारी है जो चमगादड़ों और सुअरों से मनुष्यों में फैलती है, और फिर मनुष्यों के बीच भी तेजी से प्रसारित हो सकती है।

क्या है पूरा मामला

बात दें कि किशोर कुछ दिनों से बीमार था और उसे गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी और सभी चिकित्सा प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। वहीं उसकी निपाह वायरस की पॉजिटिव जांच रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग को तुरंत सक्रिय कर दिया।

इन लोगों को क्वारंटाइन किया

मलप्पुरम और कोझिकोड जिलों में स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक सर्वेक्षण और परीक्षण शुरू कर दिए हैं। वहीं संपर्क ट्रेसिंग की जा रही है ताकि उन सभी व्यक्तियों की पहचान की जा सके जो संक्रमित किशोर के संपर्क में आए थे। इन लोगों को क्वारंटाइन में रखा जा रहा है ताकि संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके। राज्य सरकार ने इस क्षेत्र में निपाह वायरस के प्रसार को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाए हैं।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से की अपील 

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने स्थिति की समीक्षा की और सभी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने जनता को सतर्क रहने और निपाह वायरस से संबंधित किसी भी संदिग्ध लक्षणों की जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को तुरंत देने की अपील की है। मुख्य रूप से बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना, और उल्टी जैसी प्रारंभिक लक्षणों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने भी विशेष चिकित्सा टीमों को तैनात किया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

निपाह वायरस से बचाव के उपाय

बता दें कि स्वास्थ्य अधिकारियों ने जनता से यह भी आग्रह किया है कि वे निपाह वायरस के संक्रमण से बचने के लिए सभी एहतियाती कदम उठाएं। इनमें शामिल है-

चमगादड़ों और सुअरों से दूर रहना

 संक्रमित लोगों के संपर्क से बचना

अच्छे स्वास्थ्य और स्वच्छता बनाए रखना

इसके अतिरिक्त उन क्षेत्रों में जहां निपाह वायरस के मामलों की पुष्टि हुई है, वहां यात्रा को सीमित करने की सलाह दी गई है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *