छत्तीसगढ़ में डायरिया का कहर तेजी से फैल रहा है। पिछले 48 घंटों में इस बीमारी ने तीन लोगों की जान ले ली है, जबकि 30 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। बता दें कि इनमें से एक 17 साल का लड़का और 70 से 80 साल के दो बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात कर दी गई हैं और राहत के कार्य जारी है।
स्वास्थ्य अधिकारी ने क्या बताया
स्वास्थ्य अधिकारी के मुताबिक इन तीनों मौतों में से केवल एक शख्स यानी 17 साल के लड़के की मौत डायरिया से हुई है। वहीं बाकी दोनों बुजुर्गों की मौत सांस और लकवा की समस्या से हुई है। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में डायरिया के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बीमारी के लक्षणों में उल्टी, दस्त, बुखार और पेट दर्द शामिल हैं। स्थानीय अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भारी दबाव पड़ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की अपील
स्वास्थ्य अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे संक्रमित पानी से बचें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, डायरिया के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों मे शीघ्र जांच और उपचार के लिए मेडिकल कैंप लगाए हैं।
साफ पानी और स्वच्छता के महत्व को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके। सरकार ने भी प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उम्मीद है कि जल्द ही इस बीमारी पर काबू पाया जा सकेगा और प्रभावित लोगों को राहत मिल सकेगी।
